दो माह का मासूम विक्की रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता, गांव में दहशत का माहौल; तलाश में जुटी पुलिस और डॉग स्क्वायड

दिलीप त्रिपाठी 

महराजगंज।ठूठीबारी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम रमजीता से एक बेहद मार्मिक और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां महज दो माह का मासूम बच्चा विक्की रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया है। मंगलवार की भोर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां-बाप की आंखें अपने जिगर के टुकड़े की तलाश में पथरा गई हैं और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, लापता मासूम विक्की के पिता गोविंद राजभर और दादा नंदलाल राजभर हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और मासूम की तलाश में गांव के घर-घर की तलाशी ली जा रही है। पुलिस इस मामले में डॉग स्क्वायड की भी मदद ले रही है, ताकि बच्चे का कोई सुराग मिल सके और उसे सकुशल उसके माता-पिता तक पहुंचाया जा सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने भी ले गई है। उनसे हर पहलू पर बारीकी से जानकारी जुटाई जा रही है। आखिर दो माह का मासूम अचानक कहां और किन परिस्थितियों में गायब हुआ? इसके पीछे कोई पारिवारिक विवाद, आपसी कलह या कोई अन्य वजह है? फिलहाल इन सवालों का जवाब स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

वहीं, घटना के बाद गांव में भी चिंता और भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी छोटी उम्र के बच्चे के रहस्यमयी ढंग से गायब होने से ग्रामीण अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंकित हैं। लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और सभी मासूम की सुरक्षित बरामदगी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर दो माह के मासूम विक्की को जमीन निगल गई या आसमान खा गया? फिलहाल हर किसी की निगाह पुलिस की जांच और मासूम की सकुशल बरामदगी पर टिकी है। एक परिवार की खुशियां लौटाने के लिए अब पूरे गांव को उस नन्ही सी जान के वापस आने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *