प्रदेश मंत्री बनते ही एक्शन में गुड्डू खान, महराजगंज में निकाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली

नई जिम्मेदारी के बाद पहली बड़ी राजनीतिक सक्रियता, अल्पसंख्यक समाज को भाजपा की विचारधारा से जोड़ने का लिया संकल्प

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी मिलने के बाद नौतनवा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष गुड्डू खान ने राजनीतिक और संगठनात्मक सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में उनके नेतृत्व में नौतनवां  में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली निकाली गई। रैली के जरिए भाजपा की नीतियों, विचारधारा और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

 

 

गौरतलब है कि गुड्डू खान को हाल ही में भाजपा उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश मंत्री नियुक्त किया गया है। प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलने के बाद महराजगंज में आयोजित यह रैली उनकी संगठनात्मक सक्रियता का पहला बड़ा संदेश मानी जा रही है। रैली के माध्यम से उन्होंने जिले में पार्टी के जनाधार को मजबूत करने और अल्पसंख्यक समाज के बीच संवाद बढ़ाने की दिशा में अपनी प्राथमिकताएं भी जाहिर कीं।

इस दौरान गुड्डू खान ने कहा कि उनका प्रयास अल्पसंख्यक समाज के लोगों तक भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को किसी भी तरह के भ्रम और बहकावे से दूर रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है।

 

 

उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर लगातार काम किया जाएगा।

महराजगंज की इस राजनीतिक गतिविधि को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के नेतृत्व में जिले में संगठनात्मक मजबूती की कवायद से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

 

प्रदेश मंत्री की नई जिम्मेदारी संभालने के बाद गुड्डू खान की इस सक्रियता ने महराजगंज और नौतनवा की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि अल्पसंख्यक मोर्चा के माध्यम से वह आने वाले दिनों में संगठन को कितनी मजबूती दे पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *