4 नवंबर को गोरखपुर में प्रस्तावित पदयात्रा की तैयारियों की समीक्षा, भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ की बैठक
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को महराजगंज जिला मुख्यालय पर भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आगामी 4 नवंबर को गोरखपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने पदयात्रा को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पंकज चौधरी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। कभी नीट परीक्षा, कभी एसआईआर और अब मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आंदोलन के जरिए विपक्ष देश में अस्थिरता पैदा करना चाहता है।

पंकज चौधरी ने कहा कि विपक्षी दल भारत को बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल जैसी परिस्थितियों में ले जाना चाहते हैं। चुनाव में हार से हताश विपक्ष अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन हासिल करने के लिए गैर-लोकतांत्रिक तरीके अपना रहा है। हालांकि, देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मजबूती से खड़ी है।

विपक्ष के आंदोलन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में आंदोलन को लेकर 10 लाख लोगों के जुटने और 20 राजनीतिक दलों के शामिल होने का दावा किया गया था, लेकिन वहां 35 से 40 हजार लोग भी नहीं पहुंच सके। उन्होंने विपक्ष को अपने आंदोलन की सफलता और जनसमर्थन का स्वयं मूल्यांकन करने की नसीहत देते हुए इसे पूरी तरह विफल बताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आगामी पदयात्रा में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। बैठक में जिले के जनप्रतिनिधि और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।







