हरियाणा से नेपाल तक शराब तस्करी का खुलासा, दो नेपाली तस्कर गिरफ्तार

आर्टिगा कार से बरामद हुई 28 पेटी अवैध शराब, वाहन समेत करीब 12 लाख का माल जब्त

दिलीप त्रिपाठी 

ठूठीबारी/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ ठूठीबारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नेपाली तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 28 पेटी अवैध शराब बरामद हुई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी आर्टिगा कार (नंबर 26 बीएच 9981 जे) को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। बरामद शराब और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

 

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एसएसबी रोड के रास्ते एक कार में अवैध शराब की खेप भारत से नेपाल ले जाई जा रही है। सूचना पर सक्रिय हुई ठूठीबारी पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 28 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल के भरतपुर जिले के भोजाड वार्ड नंबर-11 निवासी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब की खेप हरियाणा से नेपाल पहुंचाई जा रही थी।

 

पुलिस ने शराब और तस्करी में प्रयुक्त कार को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय शराब तस्करी के नेटवर्क को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *