उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां,महराजगंज!
भारत रत्न एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151 वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को 66 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), कैंपियरगंज तथा इसके अधीन आने वाली सभी सीमा चौकियों पर राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। वाहिनी के कमांडेंट जगदीश प्रसाद धाबाई के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों के तहत भव्य बाइक रैली, साइकिल रैली, राष्ट्रीय एकता शपथ समारोह एवं वॉकथन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रभक्ति के नारों के बीच बाइक एवं साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने से हुई। रैली ने विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आमजन को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और सतर्कता का संदेश दिया। रैली के दौरान देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था।
इसके बाद आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में बल के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को हर परिस्थिति में अक्षुण्ण बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली। सभी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों और जीवन मूल्यों का अनुसरण करने का संकल्प भी दोहराया।
राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित वॉकथन (पदयात्रा) में भी बड़ी संख्या में एसएसबी जवानों ने भाग लिया। पदयात्रा के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को राष्ट्रसेवा, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उप कमांडेंट अमित कुमार सिंह, उप कमांडेंट अपूर्व आनंद, निरीक्षक अभिषेक कुमार, निरीक्षक कुमार पवन सहित एसएसबी के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन “सेवा, सुरक्षा और बंधुत्व” के मूल मंत्र के साथ हुआ। पूरे आयोजन ने क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और सामाजिक समरसता का प्रेरणादायी संदेश देकर सभी को राष्ट्रहित के प्रति अपने दायित्वों का एहसास कराया।







