5 घंटे तक पुलिस के समझाने-बुझाने और कड़ी मशक्कत के बाद युवती नीचे उतरी
उमेश चन्द्र त्रिपाठी / दिलीप त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज! नौतनवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा लोहसी के टोला बरवा भोज में रविवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर स्थित एक ऊंचे मोबाइल टावर पर एक युवती चढ़ गई। सुबह-सुबह टावर पर युवती को चढ़ा देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल नौतनवां पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए करीब पांच घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

सूचना मिलते ही नौतनवां थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने टावर पर चढ़ी युवती को समझाने-बुझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। काफी ऊंचाई पर चढ़ी युवती अपनी जिद पर अड़ी रही जिसके चलते पुलिसकर्मियों को काफी देर तक उसे मनाने में पसीना बहाना पड़ा।
बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी थी। उसने स्पष्ट कह दिया कि वह अपने प्रेमी के साथ ही उसके घर जाएगी और अपने घर वापस नहीं लौटेगी। युवती की जिद को देखते हुए पुलिस ने उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया। इसके साथ ही दोनों पक्षों के परिजनों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिसकर्मियों ने लगातार युवती से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया।

करीब पांच घंटे तक युवती को समझाने-बुझाने और अथक पुलिस के अथक प्रयासों के बाद आखिरकार युवती टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई।
युवती के नीचे उतरते ही पुलिस ने राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस उसे और उसके प्रेमी को सुरक्षा के बीच थाने ले गई। युवती के प्रेमी के साथ ही जाने की जिद और टावर पर चढ़ने की घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
फिलहाल नौतनवां पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई करने में जुटी हुई है।







