उमेश चन्द्र त्रिपाठी
सोनौली महराजगंज! भारत-नेपाल सीमा से सटे सोनौली कस्बे में बुधवार दोपहर पुलिस ने पटाखा की दुकानों पर अचानक छापा मारा जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से कस्बे के पटाखा व्यवसायियों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
बुधवार को करीब 3 बजे पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवां वसंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राम जानकी चौराहे के पास स्थित एक दुकान और मकान पर छापा मारा। इस दौरान थानाध्यक्ष सोनौली विकास कुमार शुक्ला के साथ फायर ब्रिगेड की टीम भी मौजूद रही।
छापेमारी के दौरान पुलिस द्वारा दुकान और मकान से विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री की शिकायत पर की गई।
पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से सोनौली कस्बे में पटाखा कारोबार करने वाले अन्य व्यापारियों में भी दहशत फैल गई। कई व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर इधर-उधर हो गए।
फिलहाल बरामद पटाखों की मात्रा और बरामदगी को लेकर पुलिस का पक्ष अभी नहीं मिल पाया है।
पुलिस बरामद पटाखों की गिनती और जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो पाएगी।







