भारत-नेपाल सीमा पर नशे के कारोबार पर प्रहार, 57.24 ग्राम स्मैक के साथ नेपाली युवक गिरफ्तार

सोनौली पुलिस और SSB की संयुक्त कार्रवाई, 19 वर्षीय युवक के पास से हेरोइन बरामद; बाइक भी जब्त

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनौली पुलिस और SSB की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 57.24 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ नेपाल निवासी एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर 125 सीसी बाइक भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्तिमोहन अवस्थी के निर्देश पर सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष सोनौली विशाल कुमार शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस और SSB की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 4 नवंबर 2026 की रात करीब 8:15 बजे प्राथमिक विद्यालय फरेनी के पास संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर रोहित मौर्या (19) पुत्र रामप्रसाद मुराव, निवासी सिद्धार्थनगर नगरपालिका वार्ड नंबर-03, जिला रुपनदेही, नेपाल को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 57.24 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद हुई। इसके साथ ही एक पल्सर 125 सीसी मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर LU6046575) भी कब्जे में ली गई।

इस मामले में सोनौली थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 104/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/21(b)/23 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय सदर महराजगंज भेज दिया।

संयुक्त टीम में शामिल रहे:

चौकी प्रभारी भगवानपुर उपनिरीक्षक अजय कुमार, कांस्टेबल रोशनलाल प्रजापति तथा SSB टीम से निरीक्षक सौरभ राय, कांस्टेबल अभिषेक सिंह और बलराम यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *