कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के आवास पर हुआ नेताओं का जुटान, पूर्व सांसद प्रवीण निषाद भी रहे मौजूद
गोरखपुर/महराजगंज। महराजगंज जनपद की 315 फरेंदा विधानसभा सीट से आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी की तैयारी कर रहे डॉ. निशांत त्रिपाठी ने शुक्रवार को गोरखपुर में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

यह मुलाकात निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद के आवास पर हुई। इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं निषाद पार्टी नेता इंजीनियर प्रवीण निषाद भी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान डॉ. निशांत त्रिपाठी को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद का सानिध्य और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि डॉ. निशांत त्रिपाठी महराजगंज की फरेंदा विधानसभा सीट (315) से आगामी विधानसभा चुनाव में विधायक पद के लिए चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के साथ उनकी यह मुलाकात क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।









