भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ेगी निगरानी, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात; डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने अधिकारियों को दिए सतर्कता के निर्देश
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज। दीपावली और छठ महापर्व के बीच बढ़ने वाली भीड़भाड़ को देखते हुए भारत-नेपाल के संवेदनशील सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन और सीमावर्ती बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। सीमा क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था के सभी पहलुओं पर निगरानी रखी जा रही है ।

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि दीपावली के बाद छठ महापर्व तक बड़ी संख्या में लोग त्योहार मनाने अपने घरों को लौटते हैं। सोनौली बॉर्डर की संवेदनशीलता और भारत-नेपाल दोनों तरफ बाजार होने के कारण यहां लोगों का आवागमन काफी अधिक रहता है। ऐसे में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त सिक्योरिटी फोर्स की तैनाती की गई है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान सभी लोग अलर्ट मोड में रहें और सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान दें। सीमा क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। छठ महापर्व तक विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी, क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह, एसडीएम नौतनवा कुनाल, सोनौली थाना प्रभारी विशाल कुमार शुक्ला और नौतनवा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









