दीपावली पर ग्राम चौकीदारों का सम्मान, सर्राफा मार्केट और पटाखा दुकानों का निरीक्षण; नौतनवां में पुलिस की पैदल गश्त से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज। धनतेरस, दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले में बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, संवेदनशील स्थानों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। सदर कोतवाली से लेकर नौतनवां तक पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा ले रहे हैं।

सदर कोतवाली क्षेत्र में प्रभारी निरीक्षक अंकुर गौतम के नेतृत्व में दीपावली के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती गई। इस दौरान थाना क्षेत्र के समस्त ग्राम चौकीदारों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं तहसीलदार सदर एवं अग्निशमन अधिकारी के साथ पटाखों की दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की जांच की गई और दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एवं नायब तहसीलदार सदर ने नगर तिराहा स्थित सर्राफा मार्केट और पटाखा दुकानों के क्लस्टर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पालन करने, सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए।

वहीं नौतनवां क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नौतनवां बसंत सिंह के नेतृत्व में थाना नौतनवां पुलिस ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले मिश्रित आबादी के क्षेत्रों में पैदल गश्त की। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद स्थापित कर शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की ।
त्योहारों के मद्देनजर पुलिस की गश्त और निगरानी बढ़ाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। पुलिस-प्रशासन का उद्देश्य है कि बाजारों में खरीदारी करने वाले लोगों, व्यापारियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा या असुरक्षा का सामना न करना पड़े तथा सभी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों।









