कोटईमाई मंदिर और गांधी नगर विवाद के बाद अब निचलौल के रेगहियां गांव में नाला निर्माण पर भ्रष्टाचार के आरोप, ग्रामीणों ने उठाए सवाल

घटिया सामग्री से निर्माण कराने का आरोप, मजदूरों को भी नहीं पता ठेकेदार और जिम्मेदार व्यक्ति का नाम

उमेश चन्द्र त्रिपाठी / मनोज कुमार त्रिपाठी 

निचलौल। सोनौली नगर पंचायत क्षेत्र के कोटईमाई मंदिर निर्माण और वार्ड नंबर-6 गांधी नगर में निर्माण कार्यों को लेकर उठे विवाद अभी थमे भी नहीं हैं कि अब निचलौल ब्लॉक के रेगहियां गांव में चल रहे नाला निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है तथा गुणवत्ता विहीन सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार नाले के निर्माण में मानक सामग्री के बजाय साधारण बालू और निम्न गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी धन से कराए जा रहे विकास कार्य में भ्रष्टाचार की आशंका दिखाई दे रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

मौके पर कार्य कर रहे मजदूरों से जब निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें न तो ठेकेदार का नाम मालूम है और न ही निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे जिम्मेदार व्यक्ति की जानकारी है। इससे पूरे कार्य की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने मांग की है कि नाला निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय और तकनीकी जांच कराई जाए तथा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस संबंध में संबंधित पक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका फोन रिसीव नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

— मनोज कुमार त्रिपाठी

द इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़, सोनौली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *