घनी आबादी में पटाखों का अवैध भंडारण, सुरक्षा मानकों की उड़ी धज्जियां

नौतनवा कस्बे में ट्रांसपोर्ट परिसर के पास करीब 70 नग पटाखे बरामद, लाखों की खेप होने का अनुमान; सूचना पर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

दिलीप त्रिपाठी 

महराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बे में घनी आबादी के बीच भारी मात्रा में पटाखों के कथित अवैध भंडारण का मामला सामने आया है। ट्रांसपोर्ट परिसर के पास से करीब 70 नग पटाखे बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बरामद पटाखों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कीमत का आकलन संबंधित विभाग द्वारा किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि पटाखों का भंडारण ऐसे स्थान पर किया गया था, जहां आसपास बड़ी संख्या में लोग रहते और आवागमन करते हैं। ऐसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यदि समय रहते यह मामला सामने नहीं आता तो किसी अनहोनी की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय लोगों से मिली सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए पटाखों को कब्जे में लिया। संबंधित विभाग के अधिकारियों ने बरामद पटाखों के आकलन और आवश्यक जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे कहां से लाए गए और इनके भंडारण के लिए किन नियमों का पालन किया गया था।

मामले में पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अवैध भंडारण के स्रोत और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था और खुफिया तंत्र की सक्रियता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, किसी अधिकारी की मिलीभगत की पुष्टि अभी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की टीम पूरे मामले की सघन जांच में जुटी है। बरामद पटाखों की मात्रा, कीमत, भंडारण की वैधता और उनसे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *