दिलीप कुमार
बृजमनगंज। बृजमनगंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 3 किलो 100 ग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और 280 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि दोनों गांजा लेकर फरेंदा में बिक्री के लिए जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह पुलिस टीम बनगड़िया तिराहे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि हड़ियाकोट की ओर से एक पुरुष और महिला झोले में मादक पदार्थ लेकर फरेंदा की तरफ जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मदारीपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखकर दोनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों की पहचान बंजरहा सोनबरसा टोला सिसहनिया निवासी होरीलाल और उसकी पत्नी के रूप में हुई।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा की मौजूदगी में दोनों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 3 किलो 100 ग्राम गांजा, मोबाइल फोन और 280 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी होरीलाल का पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसे इसी वर्ष जनवरी में भी मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान को लेकर सक्रियता बढ़ने की बात कही जा रही है।
