उमेश चन्द्र त्रिपाठी
गोरखपुर! गोरखपुर जिले में राप्ती नदी में नहाने के दौरान लापता हुए तीन छात्रों के शव शनिवार को बरामद कर लिए गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना चिलुआताल थाना क्षेत्र के बंजरहा गांव के पास निर्माणाधीन पुल के निकट की है, जहां शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे चार छात्र नहाने पहुंचे थे। नहाते समय अचानक चारों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इनमें से एक छात्र किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया और आसपास के लोगों को सूचना दी, लेकिन बाकी तीन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण लापता हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंच गए और देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। बाद में SDRF की टीम को भी बुलाया गया। लगातार प्रयासों के बाद शनिवार को तीनों छात्रों के शव नदी से बाहर निकाले गए। मृतकों की पहचान काजीपुर निवासी शिव, बरियारपुर निवासी शुभम यादव और अभय उर्फ बंटी के रूप में हुई है। तीनों महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के छात्र थे और अपने-अपने परिवारों की उम्मीदों का सहारा थे। अभय अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया।
पुलिस ने बताया कि तेज बहाव और गहराई के कारण यह हादसा हुआ। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।