“नई पार्टी बनाने की कोई आवश्यकता नहीं, पार्टियों की कोई कमी नहीं है; जनता जिस पार्टी से कहेगी, उसी पार्टी से चुनाव लड़ूंगा”—पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी

एक बयान की ज्वाला अभी बुझी भी नहीं थी कि अमरमणि के दूसरे बयान ने फरेंदा विधानसभा में फिर ज्वाला भड़का दी

विपक्षियों पर व्यंग्यात्मक वार करते हुए बोले अमरमणि त्रिपाठी—“सब तो मौजूद है, लड़ें चुनाव!”

“चुनाव जीतने के बाद नहीं, हमेशा से रही है सवारी!” हूटर पर उठे सवालों के बीच बोले अमरमणि त्रिपाठी—“चौकीदार है, होशियार रहो सब लोग, मैं मौजूद हूं!”

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज। फरेंदा विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के बयानों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। नगर पंचायत बृजमनगंज में आयोजित जनसंबोधन कार्यक्रम के दौरान पार्टी चयन, विकास कार्यों और चुनावी माहौल को लेकर पूछे गए सवालों पर उन्होंने अपनी बात रखी। उनके जवाबों में सबसे अधिक चर्चा पार्टी चयन को लेकर दिए गए बयान की हो रही है।

“पार्टियों की कोई कमी नहीं है, जनता जिस पार्टी से कहेगी, हम उसी पार्टी से चुनाव लड़ेंगे”—अमरमणि त्रिपाठी के इस बयान ने फरेंदा विधानसभा सीट से उनकी संभावित राजनीतिक रणनीति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपनी नई पार्टी बनाएंगे, तो उन्होंने नई पार्टी बनाने की आवश्यकता से इनकार करते हुए जनता की इच्छा के अनुसार चुनाव लड़ने की बात कही। हालांकि, उन्होंने किसी राजनीतिक दल का नाम नहीं बताया।

 

 

इससे पहले फरेंदा विधानसभा क्षेत्र के आनंदनगर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में अमरमणि त्रिपाठी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी मंशा जाहिर कर चुके हैं। उस कार्यक्रम में उनका बयान “कोई हो इसके मुकाबले का, तो बताओ” भी चर्चा में रहा था। अब बृजमनगंज में पार्टी को लेकर दिए गए बयान के बाद उनकी राजनीतिक रणनीति पर फिर चर्चा होने लगी है।

विकास के सवाल पर विपक्षियों को जवाब

बातचीत के दौरान अमरमणि त्रिपाठी से तीन बार विधायक रह चुके बजरंगी सिंह के विकास संबंधी बयान का उल्लेख करते हुए सवाल किया गया कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र के विकास के लिए क्या किया गया। इस पर अमरमणि त्रिपाठी ने अपने कार्यकाल में कराए गए निर्माण कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने मकानों और विद्यालयों के निर्माण का उल्लेख करते हुए अपने विकास कार्यों का पक्ष रखा और विपक्षियों को चुनाव लड़कर अपनी बात रखने की चुनौती दी।

उनके जवाब में राजनीतिक व्यंग्य का अंदाज भी देखने को मिला। विकास कार्यों को लेकर चल रही बहस के बीच फरेंदा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दे आगामी चुनाव में महत्वपूर्ण रह सकते हैं।

 

हूटर और सवारी को लेकर भी सवाल

सवाल-जवाब के दौरान उनसे पूछा गया कि चुनाव जीतने के बाद क्या नौतनवा और फरेंदा में पहले की तरह गाड़ियों की सवारी और काफिला देखने को मिलेगा? इस पर अमरमणि त्रिपाठी ने जवाब दिया कि यह चुनाव जीतने के बाद शुरू होने वाली बात नहीं, बल्कि पहले से ही ऐसा रहा है।

हूटर बजाने को लेकर लोगों की आपत्तियों का जिक्र किए जाने पर भी उनसे सवाल हुआ। बातचीत में उन्होंने जमाल साहब के जवाब का उल्लेख करते हुए कहा, “चौकीदार है, होशियार रहो सब लोग, मैं मौजूद हूं।” उनके इस जवाब ने बातचीत को एक अलग राजनीतिक रंग दिया।

फरेंदा की राजनीति में आगे क्या?

अमरमणि त्रिपाठी फरेंदा से चुनाव लड़ने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं। इससे पहले उन्होंने अपने बेटे अमनमणि त्रिपाठी को नौतनवा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाने की बात भी कही थी। ऐसे में दोनों सीटों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं। हालांकि, पार्टी चयन को लेकर उनकी ओर से अभी किसी दल के नाम की अंतिम घोषणा सामने नहीं आई है।

फिलहाल बृजमनगंज में दिए गए बयान का सबसे चर्चित हिस्सा यही है कि “पार्टियों की कोई कमी नहीं है।” अब देखना होगा कि अमरमणि त्रिपाठी आने वाले समय में किस राजनीतिक दल को चुनते हैं और फरेंदा विधानसभा क्षेत्र में विकास तथा जनसमस्याओं को लेकर अपनी आगे की रणनीति किस तरह सामने रखते हैं।

कार्यक्रम के संचालक विवेक शुक्ला रहे। इस दौरान प्रह्लाद प्रसाद, झिंकू चौबे, पुजारी शुक्ला, बबलू चौबे, दिलीप चौधरी, संजय पांडेय, फैज खान, अंगद उपाध्याय, अनूप पांडेय, नुरुलहुदा और डॉक्टर मंजरी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

The IndiaExpress News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *