महराजगंज में “लुटेरी दुल्हन गैंग” का पर्दाफाश, 4 महिलाएं गिरफ्तार

शादी के नाम पर ठगी का मामला

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! महराजगंज जिले में शादी के नाम पर ठगी करने वाले लुटेरी दुल्हन गिरोह का सिंदुरिया पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरोह भोले-भाले युवकों को शादी का झांसा देकर नकदी और जेवरात ठगने का काम करता था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 39,500 रुपये नकद, एक जोड़ी पायल और मंगल सूत्र बरामद किया है, जबकि गिरोह का एक सदस्य अब भी फरार है। मामला तब सामने आया जब एटा निवासी रंजीत चौहान को अंजलिका नामक महिला को “पूजा” बताकर शादी के लिए तैयार कराया गया। विश्वास दिलाने के लिए मंदिर में बाकायदा शादी की रस्में शुरू कराई गईं, जिससे पीड़ित को पूरा मामला असली प्रतीत हुआ।

इसी दौरान गिरोह ने शादी और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर उससे एक लाख रुपये से अधिक नकदी और जेवरात वसूल लिए। आरोप है कि योजना के तहत आरोपितों ने अचानक विवाद खड़ा कर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इसी मौके का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी जितेन्द्र अंजलिका को लेकर फरार हो गया, जबकि अन्य महिलाएं भी धमकी देते हुए भाग निकलीं।

सूचना के बाद सक्रिय हुई सिंदुरिया पुलिस ने चिउटहा बाजार के पास दबिश देकर लालती, सुमित्रा, काजल और अंजलिका को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अंजलिका पहले से शादीशुदा है और एक बच्चे की मां भी है, लेकिन उसे कुंवारी बताकर पूरे षड्यंत्र को अंजाम दिया गया।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और गिरोह के अन्य सदस्यों व पूर्व की घटनाओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *