सम्पूर्ण समाधान दिवस में नायब तहसीलदार के व्यवहार का वीडियो वायरल, डीएम के सामने प्रोटोकॉल पर उठे सवाल

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवा/महराजगंज। महराजगंज जनपद के नौतनवा तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर स्थानीय स्तर पर विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में नौतनवा के नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव एक फरियादी को जिलाधिकारी से सीधे मिलने से पहले स्वयं समझाने का प्रयास करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान वीडियो में वह जिलाधिकारी की ओर उंगली से इशारा करते हुए बातचीत करते नजर आते हैं, जिसको लेकर प्रशासनिक मर्यादा और प्रोटोकॉल पर सवाल उठने लगे हैं।

प्रशासनिक व्यवस्था में जिलाधिकारी जिले का सर्वोच्च प्रशासनिक एवं कानून-व्यवस्था का अधिकारी होता है। सरकारी सेवा आचरण नियमों के अनुसार किसी भी अधीनस्थ अधिकारी या कर्मचारी से अपेक्षा की जाती है कि वह अपने वरिष्ठ अधिकारी के प्रति सदैव विनम्र, सम्मानजनक एवं मर्यादित भाषा तथा शारीरिक हाव-भाव का प्रयोग करे। प्रशासनिक दृष्टि से वरिष्ठ अधिकारी की ओर उंगली दिखाकर या आक्रामक अंदाज में बातचीत करना अनुशासन और शिष्टाचार की कसौटी पर उचित नहीं माना जाता।

हालांकि, वायरल वीडियो की परिस्थितियों और उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। ऐसे में वीडियो के आधार पर किसी भी प्रकार के अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पूरे मामले में प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *