सोनौली में टैक्सी-ऑटो चालकों का फूटा गुस्सा, पार्किंग और चालान व्यवस्था पर उठाए सवाल

मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली। सोनौली बॉर्डर क्षेत्र में टैक्सी और ऑटो चालकों ने पार्किंग व्यवस्था तथा लगातार हो रही चालान कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई। चालकों का आरोप है कि उनके लिए पर्याप्त और व्यावहारिक पार्किंग व्यवस्था नहीं है, जबकि पुलिस और ट्रैफिक विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।

चालक सुभाष कुमार निषाद ने बताया कि सुबह के समय सड़क किनारे पहले से कई वाहन खड़े रहते हैं। उनका कहना है कि जब वे सवारी उतारने या चढ़ाने के लिए कुछ देर वाहन रोकते हैं तो उन्हें हटाया जाता है और कई बार चालान भी कर दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि टैक्सी चालकों के लिए निर्धारित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दलाल पैसे लेकर वाहनों का काम करा देते हैं, जबकि टैक्सी चालकों को अनावश्यक रूप से रोका जाता है और कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

चालकों का यह भी कहना है कि यदि वे किसी भंडारे या अन्य आवश्यक कार्य के लिए कुछ मिनटों के लिए वाहन खड़ा करते हैं, तब भी उनके वाहनों पर लॉक लगा दिया जाता है या कार्रवाई कर दी जाती है। उनका सवाल है कि ऐसी स्थिति में वे अपने वाहन कहाँ खड़े करें।

वहीं, मौके पर मौजूद एक व्यक्ति द्वारा ऑटो चालकों से पूछा गया कि वे जिस स्थान पर वाहन खड़ा किए हैं, क्या वह अधिकृत स्टैंड है। इस पर कुछ चालकों ने कहा कि वे प्रतिदिन वहीं वाहन खड़ा करते हैं और अन्य ऑटो चालक भी उसी स्थान का उपयोग करते हैं।

फिलहाल इस मामले में संबंधित प्रशासन या ट्रैफिक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि प्रशासन का पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *