सोनौली थाना क्षेत्र के बरगदही गांव में मातम में बदली शादी की खुशी 

स्टेज पर जयमाल के दौरान फोटो खिंचाने को लेकर खूनी संघर्ष, दूल्हे के बड़े भाई की मौत

रणक्षेत्र बना शादी का मंडप 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नौतनवा महराजगंज!

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के नौतनवां से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां सोनौली थाना(कोतवाली) क्षेत्र के बरगदही गांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब स्टेज पर जयमाल के दौरान फोटो खिंचाने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस खूनी झड़प में दूल्हे के बड़े भाई की जान चली गई है। घटना के बाद से इलाके में तनाव व्याप्त है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात नौतनवां थाना क्षेत्र के चड़लहा गांव से बारात सोनौली थाना (कोतवाली) क्षेत्र के बरगदही गांव पहुंची थी। द्वारपूजा के बाद जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था तभी मंच पर फोटो खिंचाने को लेकर घराती और बराती पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते -देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मारपीट इतनी भयावह थी कि शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। जो मेहमान खाना खा रहे थे, वे अपनी जान बचाकर भागने लगे। आक्रोशित लोगों ने खाने की थालियां तक सड़क पर फेंक दीं। इसी झड़प में दूल्हे का बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक के शव को दुल्हन के दरवाजे पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद है। पुलिस के आला अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को समझाने-बुझाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि शांति व्यवस्था कायम रखी जा सके।

पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में सोनौली कोतवाली प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि उक्त मामले आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *