नेपाल से दिल्ली जा रही खेप पकड़ी गई, कस्टम एक्ट में चालक गिरफ्तार
मनोज कुमार त्रिपाठी
जनपद महराजगंज के थाना सोनौली क्षेत्र में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अवैध तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नौतनवा/फरेंदा अनिरुद्ध पटेल के पर्यवेक्षण में, थानाध्यक्ष सोनौली महेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने 27 अप्रैल 2026 को सीमा स्तंभ संख्या 517/2 के पास कार्रवाई की।
समवाय आसूचना के आधार पर एसएसबी 22वीं वाहिनी और सोनौली पुलिस की टीम ने नेपाल से भारत आ रहे एक ट्रक (RJ 14 GJ 5722) को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में बने गुप्त केबिन से 103 बोरियों में कुल 2570 किलोग्राम विदेशी अखरोट बरामद किया गया।
बताया जा रहा है कि यह ट्रक काठमांडू से माल लेकर दिल्ली जा रहा था। मौके से चालक साहिब खान (निवासी हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद माल, ट्रक और अभियुक्त को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया गया है।
इस कार्रवाई में एसएसबी के सहायक कमांडेंट सैफवान एन. सहित अन्य जवानों और सोनौली पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।