भारत स्थित नेपाल दूतावास ने जताया योगी सरकार और यूपी पुलिस और कुशीनगर पुलिस का आभार

जनपदीय पुलिस ने 453 नेपाली नागरिकों को अपराधियों के चंगुल से किया था रेस्क्यू

कुशीनगर पुलिस ने नेपाल के 338 पुरुष व 115 महिलाओं को रेस्क्यू कर पहुंचाया था उनके घर

नई दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास ने पत्र जारी कर जताया योगी सरकार का आभार

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज कुशीनगर! बता दें कि सोशल मीडिया के माध्यम से आकर्षक रोजगार का झांसा देकर भारतीय सीमावर्ती क्षेत्रों में नेपाली नागरिकों के श्रम शोषण और ठगी के मामले का बड़ा खुलासा हुआ है। नई दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस, भारत सरकार की संबंधित एजेंसियों तथा गैर सरकारी संस्था KIN India के सहयोग से व्यापक बचाव अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के विभिन्न स्थानों पर पुलिस कार्रवाई कर नेटवर्किंग फ्रॉड के जाल में फंसे 115 महिलाओं और 338 पुरुषों सहित कुल 453 नेपाली नागरिकों को मुक्त कराया गया। सभी को सुरक्षित रूप से नेपाल के रुपन्देही जिला पुलिस कार्यालय को सौंप दिया गया।

नेपाल पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में रेस्क्यू किए गए लोगों में से 6 महिलाओं सहित 19 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास ने इस सफल अभियान के लिए उत्तर प्रदेश सरकार, उत्तर प्रदेश पुलिस, नेपाल पुलिस, KIN India तथा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी संस्थानों का आभार व्यक्त किया है।

दूतावास ने कहा कि नेपाल सरकार और भारत स्थित नेपाली राजदूतावास भारत में रहने वाले नेपाली नागरिकों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही सभी नेपाली नागरिकों से विदेश रोजगार और अन्य प्रकार के आकर्षक प्रलोभनों के नाम पर मिलने वाले प्रस्तावों के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *