मथुरा में फर्जी II Tian बाबा गिरफ्तार, नशे वाले प्रसाद से युवतियों को बनाता था शिकार

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

लखनऊ मथुरा!उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले 

से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक ऐसे कथित “आईआईटियन बाबा” को गिरफ्तार किया है, जो धर्म और आध्यात्म की आड़ में युवतियों के साथ घिनौना अपराध करता था। आरोपी खुद को साधु और गीता ज्ञान देने वाला गुरु बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।

आरोपी का नाम अभिषेक मिश्रा बताया जा रहा है, जो ओडिशा का रहने वाला है। वह सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए श्रीमद्भगवद्गीता का ज्ञान देता था। इसी बहाने वह पढ़े-लिखे युवाओं और खासकर युवतियों से संपर्क बनाता था और धीरे-धीरे उन्हें अपने प्रभाव में ले लेता था।

पुलिस जांच में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ है कि आरोपी प्रसाद के नाम पर दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर युवतियों को देता था। इसी दूध को पीने के बाद पीड़िताएं बेहोश हो जाती थीं, और फिर आरोपी उनका शारीरिक शोषण करता था। यह पूरा खेल धर्म और आस्था की आड़ में चल रहा था, जिससे किसी को शक न हो।

आरोपी ने राधाकुंड इलाके में एक तरह का अपना विशेष नेटवर्क बना रखा था। वह लगभग 24 युवतियों और युवकों को अपने साथ रखकर उनका ब्रेनवॉश करता था। उन्हें यह विश्वास दिलाया जाता था कि वह एक आध्यात्मिक गुरु है और उसके साथ रहना ही मोक्ष का मार्ग है।

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब छत्तीसगढ़ की एक बी.एससी नर्सिंग छात्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि उसे जबरदस्ती प्रसाद का दूध पिलाया गया और बाद में उसके साथ गलत हरकत की गई। डर और धमकियों के बावजूद उसने हिम्मत दिखाकर पुलिस से संपर्क किया।

पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी उसके निजी वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करता था और धमकी देता था कि अगर उसने किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देगा। इस डर के कारण वह काफी समय तक चुप रही।

मथुरा पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके राधाकुंड स्थित ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय वहां दो अन्य युवतियां भी मिलीं, जिन्हें बाद में सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।

पुलिस का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हो सकता। आरोपी ने धार्मिक प्रवचन और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर एक बड़ा नेटवर्क तैयार किया था। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि कितने लोग उसके जाल में फंसे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *