संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नौतनवा, महराजगंज!

नौतनवां तहसील सभागार में सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस में नागरिकों द्वारा भूमि विवाद, अवैध कब्जा, राजस्व संबंधी प्रकरण, पारिवारिक विवाद, पुलिस संबंधी शिकायतें, पेंशन, विद्युत, जल निकासी, सड़क तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों के प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किए गए। कुल 187 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 23 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस से संबंधित शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने भूमि एवं पारिवारिक विवादों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने तथा जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस के दौरान कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद, पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह, अधिशासी अभियंता संजय सागर, तहसीलदार कर्ण सिंह, सहायक अभियंता (सिंचाई) नेहा मिश्रा, नायब तहसीलदार सुदेव पटेल, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, अधिशासी अधिकारी नौतनवां संदीप सरोज, अधिशासी अधिकारी सोनौली सुरभि मिश्रा, थानाध्यक्ष नौतनवां अभिषेक सिंह, थानाध्यक्ष सोनौली महेंद्र मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *