भारत-नेपाल सीमा सोनौली पर सामाजिक सद्भाव की गूंज, हजारों लोगों ने निकाली शांति रैली

‘हिमाल, पहाड़, तराई–कोई नहीं पराया’ के संदेश के साथ सोनौली बॉर्डर पर उमड़ा जनसैलाब

मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली/बेलहिया। भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनौली-बेलहिया क्षेत्र में शुक्रवार शाम सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से भव्य शांति रैली का आयोजन किया गया। बेलहिया गाउँ समाज एवं सिद्धार्थनगर नगरपालिका-1 परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं और विभिन्न समुदायों के लोग शामिल हुए।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “हिमाल, पहाड़, तराई–कोई नहीं पराया” का संदेश देते हुए समाज में शांति, सौहार्द, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत बनाने का आह्वान किया। सोनौली बॉर्डर से बेलहिया तक निकली रैली में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे क्षेत्र में सामाजिक एकता और सद्भाव के नारे गूंजते रहे।

आयोजकों ने कहा कि वर्तमान समय में समाज में आपसी विश्वास, सहयोग और सद्भाव बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से शांति रैली का आयोजन कर सभी समुदायों से मिल-जुलकर रहने तथा सामाजिक समरसता को और मजबूत करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में बेलहिया गाउँ समाज के अध्यक्ष सुमन शर्मा के नेतृत्व में समाजसेवी देवराज न्यौपाने, राजु खड्का, इरफान खान, राजु शाही, विष्णु शर्मा, मिन बहादुर गुरुङ, पंकज उदास, माधव शर्मा, राकेश गुरुङ, सुनिल जिसी, रामु बस्नेत, अर्जुन गुरुङ, नरेश अधिकारी, महेश थापा, गीता थापा, सन्ध्या क्षेत्री तथा मनु गुरुङ सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। उन्होंने समाज में शांति, सद्भाव और एकता के इस अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *