ॐ महागते आध्यात्मिक प्रतिष्ठान के तत्वावधान में महिलाओं को दिए गए वास्तु एवं पारिवारिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव
मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा। होटल सन स्टार इंटरनेशनल प्रा. लि. में ॐ महागते आध्यात्मिक प्रतिष्ठान के तत्वावधान में “गृहिणी एवं भान्सा वास्तु प्रशिक्षण तथा खीर प्रसाद कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद आयोजित गृहिणी एवं भान्सा वास्तु प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञों ने रसोई की उचित व्यवस्था, सकारात्मक ऊर्जा, स्वच्छता, पारिवारिक सुख-समृद्धि , वास्तु सिद्धांतों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घर की रसोई केवल भोजन बनाने का स्थान नहीं, बल्कि परिवार की सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र भी होती है।
प्रशिक्षण में शामिल महिलाओं ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने पारिवारिक जीवन एवं दैनिक दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा मिली।

प्रशिक्षण के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच खीर प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे सभी ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम का संचालन उद्घोषक श्री पारु ठाकुर ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री विष्णु अधिकारी ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में उपमहापौर श्रीमती उमा अधिकारी उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, परिवार में संस्कारों को बढ़ावा देने तथा समाज में आपसी सद्भाव और सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री खेलराज अधिकारी (प्रशासनिक प्रशिक्षक) भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के संयोजक श्री दुर्गा बहादुर क्षेत्री रहे। इस अवसर पर संस्थापक एवं अध्यक्ष श्री मनोज मित्तल, पूर्व अध्यक्ष श्री संजय कर्ण, सलाहकार श्री शेखर नाथ पंथी, सलाहकार श्री माया छेत्री तथा उपाध्यक्ष श्री विष्णु लामीछाने सहित प्रतिष्ठान के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि ॐ महागते आध्यात्मिक प्रतिष्ठान का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, पारिवारिक संस्कार, सकारात्मक सोच एवं सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य से प्रतिष्ठान समय-समय पर जनजागरण एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं अतिथियों ने आयोजकों की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।