सोनौली बॉर्डर पर SSB की बड़ी कामयाबी

नेपाल से खाली लौट रही स्लीपर बस में निकला सामान का जखीरा, मचा हड़कंप

35 कार्टून नेपाली नूडल्स से लेकर साड़ियां, सिगरेट, गुटखा और 412 पीस इमिटेशन ज्वेलरी बरामद, दस्तावेज न दिखा पाने पर दो लोग हिरासत में

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के बीच सोनौली बॉर्डर पर एसएसबी ने बड़ी कार्रवाई की है। नेपाल के बुटवल से यात्रियों को छोड़कर भारत लौट रही एक स्लीपर बस को रूटीन चेकिंग के दौरान रोककर जब जवानों ने तलाशी ली तो बस के अंदर सामान का बड़ा जखीरा मिला। बस से नेपाली नूडल्स, साड़ियां, सिगरेट, गुटखा और इमिटेशन ज्वेलरी बरामद होने के बाद सीमा पर हलचल तेज हो गई।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे AR 06 C 91 X नंबर की 36 सीटर स्लीपर बस सोनौली के रास्ते 46 नेपाली यात्रियों को लेकर बुटवल के लिए रवाना हुई थी। यात्रियों को बुटवल में उतारने के बाद बस भारत की ओर वापस लौट रही थी। शाम करीब सात बजे सोनौली सीमा पर एसएसबी जवानों ने बस को रूटीन जांच के लिए रोका।

बस की सामान्य जांच के बाद जवानों को संदेह हुआ, जिसके बाद सघन तलाशी शुरू की गई। तलाशी के दौरान बस से एक के बाद एक कई सामान बरामद होते गए। बरामदगी की मात्रा सामने आते ही सुरक्षा कर्मियों ने बस को कब्जे में ले लिया।

एसएसबी के अनुसार बस से नेपाली नूडल्स के 35 कार्टन, 25 साड़ियां, नेपाली सिगरेट के 30 पैकेट, गुटखा के 32 पैकेट और 412 नग इमिटेशन ज्वेलरी बरामद हुई।

बरामद सामान को लेकर जब बस चालक से वैध कागजात मांगे गए तो वह संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद एसएसबी ने बस और बरामद सामान के साथ दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान सौराम काना (36), निवासी गुजरात और प्रकाश रिवाजी (45), निवासी पाटन, गुजरात के रूप में बताई। पूछताछ के दौरान दोनों ने बरामद सामान को मुंबई ले जाने की बात कही।

मामले में सबसे अहम सवाल बरामद सामान से जुड़े वैध दस्तावेजों को लेकर है। एसएसबी के अनुसार जांच के दौरान संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। अब यह पता लगाने की जिम्मेदारी कस्टम विभाग की है कि बरामद सामान कहां से आया, किसके नाम पर था और इसे भारत ले जाने के लिए क्या वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई थी।

एसएसबी 22 वीं वाहिनी की सहायक कमांडेंट प्रिया यादव ने बताया कि बस, बरामद सामान और दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई। शनिवार को बरामद सामान और संबंधित अभिलेखों को अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग नौतनवां को सौंप दिया गया।

अब कस्टम विभाग की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर और साफ होगी। सीमा पार से लाए जा रहे सामान के दस्तावेज, उसकी वैधता और परिवहन से जुड़े पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *