मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज। देवभूमि खेल महोत्सव 2026 में महराजगंज की युवा खिलाड़ी कु./कुमारी ओदती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ताइक्वांडो की यू-19 आयु वर्ग स्पर्धा में मंडल स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
खेल जगत फाउंडेशन देवरिया की ओर से आयोजित देवभूमि खेल महोत्सव 2026 में ओदती ने ताइक्वांडो प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। उत्कृष्ट खेल कौशल और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने मंडल स्तरीय मुकाबले में पहला स्थान प्राप्त किया।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का आयोजन फिट इंडिया अभियान की भावना के अनुरूप किया गया। खेल महोत्सव में खो-खो, कबड्डी, वॉलीबाल, टेनिस बॉल क्रिकेट, ताइक्वांडो, दौड़ और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
ओदती की उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खेल जगत फाउंडेशन देवरिया के समन्वयक एवं संस्थापक-संचालक रतन कुमार गुप्ता तथा महासचिव राम केश सिंह की ओर से उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंडल स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर ओदती ने यह साबित किया है कि उचित प्रशिक्षण, मेहनत और लगन के साथ ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी खेल के बड़े मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं।





