151 बोरियों में भरा था सामान, चालक समेत दो गिरफ्तार; कस्टम कार्यालय नौतनवा को सौंपा गया मामला
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज। 66वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने चंडीथान टोल प्लाजा (NH-24) के पास कार्रवाई करते हुए 6,040 किलोग्राम कद्दू के बीज से लदा 12 चक्का टाटा ट्रक जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार किया गया। एसएसबी के अनुसार, बरामद कद्दू के बीज 151 बोरियों में रखे हुए थे और पूछताछ के दौरान आरोपियों के पास सामान से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले।
जानकारी के मुताबिक, सीमा चौकी चंडीथान के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार को विशेष सूत्रों से ट्रक में संदिग्ध सामान ले जाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सहायक उप निरीक्षक प्रशांता मेदी के नेतृत्व में स्पेशल पेट्रोलिंग टीम गठित की गई। साथ ही सीमा चौकी मोरीघाट के कमांडर उप निरीक्षक चंदन सिंह को बल के साथ चंडीथान टोल प्लाजा पहुंचकर वाहनों की जांच के निर्देश दिए गए।
दोनों टीमों ने टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान नौतनवा की ओर से आ रहे 12 चक्का टाटा ट्रक को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक से 151 बोरियों में कुल 6,040 किलोग्राम कद्दू के बीज बरामद हुए। सामान के कागजात मांगने पर चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
एसएसबी के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ट्रक नेपाल के बढ़नी-सिद्धार्थनगर स्थित कृष्णानगर कस्टम से भंसार प्रक्रिया पूरी करने के बाद भारत आया था और सोनौली बाजार में नेपाली चालक ने उन्हें ट्रक सौंपा था। सामान को सिद्धार्थनगर के बंसी स्थित यदुवंशी ढाबा तक पहुंचाया जाना था, जहां से इसे किसी अन्य चालक को आगे ले जाना था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन चौधरी (23), निवासी ग्राम सुकरौली, थाना अमरहवा, जनपद बस्ती और अरबिंद चौधरी (14), निवासी ग्राम उमरा चौराहा, थाना वाल्टरगंज, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। एसएसबी ने ट्रक, 6,040 किलोग्राम कद्दू के बीज और एक मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जब्ती सूची तैयार की। इसके बाद दोनों आरोपियों और जब्त सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया गया।


