सीएम योगी ने किसानों की फसल बर्बादी पर तत्काल मुआवजे के दिए निर्देश

जिलाधिकारियों को फील्ड में उतरकर नुकसान का आकलन करने के आदेश

मुख्यमंत्री का किसानों को भरोसा- संकट की घड़ी में सरकार आपके साथ, तय मुआवजे से अधिक नुकसान पर भी मिलेगी राहत

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

लखनऊ, 31 अक्टूबर! अतिवृष्टि और अर्नब तूफान से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को तत्काल फील्ड में उतरकर फसल क्षति का आकलन कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित किसानों को मुआवजा देने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। नुकसान का आकलन कर किसानों को तुरंत उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

अधिक नुकसान पर भी राहत देने के निर्देश

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि फसल की क्षति निर्धारित मुआवजे के दायरे से अधिक है तो भी किसानों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। ऐसी स्थिति में फील्ड स्तर के अधिकारी नुकसान की वास्तविक स्थिति से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि प्रभावित किसानों को उचित सहायता मिल सके।

संवेदनशीलता के साथ करें सहायता, किसानों के साथ खड़ी है सरकार

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से फसल नुकसान के आकलन और मुआवजे की प्रक्रिया में पूरी संवेदनशीलता बरतने को कहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार किसानों के साथ खड़ी है। सीएम ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी प्रभावित किसान राहत से वंचित न रहे और नुकसान के आकलन से लेकर मुआवजा वितरण तक की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *