अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अंजन बिष्ट ने ऑटोग्राफ देकर बढ़ाया उत्साह, World Cup Fiesta 2026 की हुई घोषणा
रूपन्देही (नेपाल)। एशियन बुद्धा होटल द्वारा अपने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) कार्यक्रम के अंतर्गत होटल के स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नेपाल के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, प्रधानाचार्यों, पत्रकारों तथा गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिद्धार्थनगर (रूपन्देही) के मेयर इश्तियाक अहमद खान रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नेपाल के अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी अंजन बिष्ट उपस्थित रहे। इस अवसर पर नेपाल के 25 छात्रों को फुटबॉल एवं टी-शर्ट वितरित किए गए।


कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब रहा जब अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अंजन बिष्ट ने बच्चों को वितरित की गई फुटबॉल और टी-शर्ट पर अपने ऑटोग्राफ दिए। अपने पसंदीदा खिलाड़ी का हस्ताक्षर पाकर बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए। अंजन बिष्ट ने छात्रों को खेलों में आगे बढ़ने, अनुशासन बनाए रखने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का भी महत्वपूर्ण आधार है।
मुख्य अतिथि इश्तियाक अहमद खान ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने एशियन बुद्धा होटल द्वारा किए जा रहे इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को खेल सामग्री उपलब्ध कराना उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने छात्रों से शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

एशियन बुद्धा होटल के संचालक तिलक घिमिरे ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि होटल समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों के विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
कार्यक्रम में नेपाल के पांच विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की विशेष उपस्थिति रही। वहीं नेपाल के वरिष्ठ पत्रकार रविन्द्र गुप्ता तथा भारत के वरिष्ठ पत्रकार एवं द इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़ के निदेशक मनोज कुमार त्रिपाठी को पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।



इस अवसर पर होटल प्रबंधन ने आगामी “World Cup Fiesta 2026” कार्यक्रम की भी घोषणा की। बताया गया कि 17 जून को होटल के स्थापना दिवस के अवसर पर फुटबॉल प्रेमियों के लिए विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें विश्व कप से जुड़े कार्यक्रमों और मैचों के सामूहिक प्रसारण की निःशुल्क व्यवस्था रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ भारत और नेपाल के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को भी और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।