कई दशकों बाद नौतनवां नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्माण को मिली मंजूरी 

विधायक ऋषि त्रिपाठी प्रयास रंग लाया 

स्वागत करने पहुंचे नौतनवां नगर चेयरमैन, सभासद,समाजसेवी और बड़ी संख्या में व्यापारी 

मनोज कुमार त्रिपाठी 

कई दशकों बाद नौतनवां नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्माण की मंजूरी आखिर मिल ही गई। इसका पूरा का पूरा श्रेय विधायक ऋषि त्रिपाठी को जाता है। कहते हैं कि जब मंशा साफ हो और प्रयास सच्चे हों, तो लंबे समय का इंतजार भी बेहद खूबसूरत खबर में बदल जाता है। कुछ ऐसा ही आज नौतनवां नगरवासियों के साथ हुआ, जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के नवनिर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने की खबर ने हर चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी।

सोशल मीडिया पर जैसे ही यह खबर वायरल हुई, पूरे नगर में एक अलग ही खुशी और उत्साह का माहौल छा गया। हर कोई इस बहुप्रतीक्षित सौगात का जश्न मनाने लगा, क्योंकि यह सिर्फ एक इमारत का निर्माण नहीं, बल्कि नौतनवां के हर नागरिक की बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की आस को मिला एक मजबूत सहारा है। 

शुक्रवार को जैसे ही नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी लखनऊ से लौटकर अपने आवास पहुंचे, उनके स्वागत और बधाई देने वालों का तांता लग गया।

नौतनवां नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी अपने सभी सभासदों के साथ विधायक आवास पहुंचे। उन्होंने विधायक को पुष्पगुच्छ (बुके) भेंट कर पूरी नौतनवां जनता की तरफ से उनका आभार जताया।

बधाई देने वालों में विधानसभा के वरिष्ठ समाजसेवी नंदलाल जायसवाल, व्यापारी नेता संतोष जायसवाल, राजाराम जायसवाल, जायसवाल सभा के अध्यक्ष उमा जायसवाल समेत नगर के तमाम सम्मानित व्यवसायी और गणमान्य लोग शामिल रहे।

माहौल उस वक्त और भी आत्मीय हो गया जब विधायक ऋषि त्रिपाठी ने आए हुए सभी आगंतुकों को खुद मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया और नगरवासियों को इस बड़ी उपलब्धि की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि जिस घड़ी का नौतनवां को कई दशकों से इंतजार था, वह आज आ ही गया। शीघ्र ही अत्याधुनिक नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। मैं इस अभूतपूर्व सौगात के लिए उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

उन्होंने आगे कहा कि कई दशकों पुरानी इस मांग के पूरे होने से न केवल स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ होंगी, बल्कि हर गरीब और जरूरतमंद को अपने ही नगर में बेहतर इलाज मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *