मनोज कुमार त्रिपाठी
नौतनवा। नौतनवा नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्माण की दिशा में बड़ी पहल हुई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नौतनवा के पुनर्निर्माण के लिए शासन स्तर से कार्यदायी संस्था नामित किए जाने की प्रक्रिया को मंजूरी दी गई है। शासन के संयुक्त सचिव चंद्र शेखर मिश्रा की ओर से 1 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
नौतनवा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लंबे समय से जर्जर भवन और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चर्चा में रहा है। इससे पहले भी इसके कायाकल्प और नवनिर्माण को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई थी। सितंबर 2026 में इसके जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण के लिए बजट स्वीकृति की जानकारी भी सामने आई थी।
नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने इस स्वीकृति पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
विधायक ने कहा कि “माननीय मुख्यमंत्री जी का आभार एवं सभी क्षेत्रवासियों को बधाई। नौतनवा नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है और नवीन भवन का निर्माण जल्द शुरू होगा।”
क्षेत्रीय लोगों में भी शासन की इस पहल को लेकर उम्मीद जगी है कि नए भवन के निर्माण के बाद नौतनवा नगर और आसपास के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बेहतर आधारभूत सुविधा मिल सकेगी।
