शिकायतकर्ता से मांगा पक्ष, संबंधित अधिकारियों से पूछताछ शुरू
मुख्यालय सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर
जांच रिपोर्ट और प्रगति के आधार पर होगी अगली कार्रवाई
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
लखनऊ 23 सितंबर! सीमा शुल्क (कस्टम्स) विभाग नौतनवां से जुड़े स्क्रैप के एक बहुचर्चित मामले में मुख्यालय स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए औपचारिक रूप से जांच दल गठित कर पड़ताल आगे बढ़ा दी गई है।
मुख्यालय सूत्रों का कहना है कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रक्रिया के तहत शिकायतकर्ता को औपचारिक पत्र भेजा गया है, जिसमें उनसे संबंधित साक्ष्य और उनका पक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया है। इसके साथ ही, इस प्रकरण से जुड़े संबंधित विभागीय अधिकारियों और कार्मिकों से भी पूछताछ का सिलसिला शुरू हो चुका है। मामले से जुड़े तमाम दस्तावेजों और रिकॉर्ड्स को भी खंगाला जा रहा है।
सूत्रों ने स्पष्ट किया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने और जैसे-जैसे मामले में ठोस प्रगति सामने आएगी और उच्चाधिकारियों द्वारा स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
मुख्यालय सूत्रों ने यह भी साफ किया है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी रहने के कारण संबंधित हलकों में हलचल तेज है।
