“बरवां कला में ग्राम चौपाल का आयोजन, ग्रामीणों ने खुलकर रखीं समस्याएं”
मनोज कुमार त्रिपाठी
“गांव की समस्या, गांव में समाधान” अभियान के तहत विकास खण्ड नौतनवा की ग्राम पंचायत बरवांकला में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।

कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी ने ग्रामीणों में उम्मीद जगाई कि अब समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही संभव होगा। ग्राम चौपाल में मुख्य रूप से रोजगार, सड़क, आवास, पेयजल, शौचालय, पेंशन और मनरेगा से जुड़े मुद्दे उठाए गए। अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान ग्राम पंचायत की प्रशासक श्रीमती पूनम सिंह, रोजगार सेवक धर्मेन्द्र कुमार, सचिव हिमांशु कुमार तथा खण्ड विकास अधिकारी अमित मिश्रा मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीणों को गांव स्तर पर ही सुविधाएं और न्याय उपलब्ध कराना है।
ग्राम चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। लोगों ने खुले मंच पर अपनी समस्याएं रखीं और प्रशासन से पारदर्शी एवं तेज कार्रवाई की मांग की। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिसे ग्रामीणों ने सकारात्मक पहल बताया। Oo