उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! नौतनवां कस्बे के एक कपड़ा व्यापारी के घर व दुकान पर गुरुवार को जीएसटी विभाग की दो टीमों ने छापेमारी की। जीएसटी विभाग के अधिकारी घण्टों जांच पड़ताल के बाद कपड़ा व्यापारी को सम्मन देकर वापस लौट गए। कस्बे में ही कपड़ा व्यापारी की गारमेंट की दुकान है।
अधिकारियों ने कपड़ा व्यापारी की कुंडली खंगाली है। जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने कारोबारी के यहां से कुछ दस्तावेजों को भी जब्त किया है।
वाराणसी केंद्रीय जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने कपड़ा कारोबारी की कुंडली खंगालने के बाद उसके घर व दुकान पर छापेमारी की है। यहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जीएसटी विभाग के हाथ लगे हैं। इसकी जांच के बाद ही कुछ कार्रवाई की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि कपड़ा कारोबारी भारी पैमाने पर भारत के विभिन्न राज्यों से कपड़े की खरीदारी कर नेपाल को निर्यात किया है। इसमें गड़बड़ी होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारों के अनुसार सीमा पर देश के दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा एवं पंजाब सहित अन्य शहरों से नेपाल को निर्यात होने वाले कपड़ा, मशीनरी, इलेक्ट्रॉनिक एवं हार्डवेयर सहित अन्य सामानों का फर्जी जीएसटी बिल काट दिया जाता है। भारतीय कस्टम पर नेपाल को निर्यात होने वाले सामान का एक्सपोर्ट जनरल मेनिफेस्ट ऑनलाइन रजिस्टर करना होता है। कागजों का खेल कर गलत तरीके से जीएसटी रिफंड हासिल कर ली जाती है।