लगातार बारिश से बढ़ा जलस्तर, टेलफॉल और गेड़हवा पहुंचकर अधिकारियों ने लिया जायजा; राहत-बचाव व्यवस्था 24 घंटे अलर्ट
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ने से निचलौल तहसील क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने रविवार को प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत-बचाव तैयारियों की समीक्षा की।

अधिकारियों ने सबसे पहले टेलफॉल पहुंचकर नारायणी नदी के बढ़े जलस्तर, आसपास के इलाकों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद निचलौल क्षेत्र के बलुआ टोला गेड़हवा में पहुंचकर बाढ़ जैसे हालात का सामना कर रहे ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
जानकारी के मुताबिक, गंडक बैराज से करीब 4.16 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ा है। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में जलभराव की स्थिति और गंभीर हुई है।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा जरूरत के अनुसार खाद्य सामग्री, राहत व्यवस्था, कम्युनिटी किचन, स्वास्थ्य सेवाओं और पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं एसपी ने पुलिस बल और क्विक रिस्पांस टीमों को अलर्ट रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त और निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य के लिए पूरी तरह तैयार है।
#Maharajganj #MaharajganjNews #NarayaniRiver #FloodAlert #Nichlaul #FloodSituation #DMMaharajganj #SPMaharajganj #FloodRelief #TheIndiaExpressNews
