उमेश चन्द्र त्रिपाठी/मनोज कुमार त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज! मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने का निर्णय जनहित और विकास को गति देने वाला कदम है।
विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ग्राम प्रधानों पर विशेष आशीर्वाद और विश्वास है। यही कारण है कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर के प्रधान अपने-अपने क्षेत्रों में विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरे देश में एक मिसाल बन चुकी है। योगी सरकार के नेतृत्व में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई है, जिससे प्रदेश में सुरक्षा और सुशासन का माहौल स्थापित हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। इसी का परिणाम है कि जनता का विश्वास सरकार के प्रति लगातार मजबूत हो रहा है।
विधायक ऋषि त्रिपाठी ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि नौतनवां की जनता ने बाहुबल और धनबल की राजनीति को नकारते हुए बदलाव का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि अब नौतनवां का नेतृत्व जनता के आशीर्वाद और विश्वास से तय होता है, न कि किसी बाहुबली के प्रभाव से। जनता के इसी भरोसे ने एक सामान्य परिवार के बेटे को विधानसभा में प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था के नए मानक स्थापित कर रहा है।