पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने विधि- विधान से भूमि पूजन कर बहुमंजिला भवन का किया शिलान्यास
उमेश चन्द्र त्रिपाठी/मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज! पुलिस विभाग में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के आवासीय सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में प्रस्तावित टाइप-3 आवासीय भवन का विधि-विधान से भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार के साथ-साथ कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी।
प्रस्तावित बहुमंजिला टाइप-3 आवासीय भवन में कुल आठ फ्लोर बनाए जाएंगे, जिनमें 32 आधुनिक आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
भवन में आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के परिवारों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर आवासीय वातावरण मिल सकेगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आवासीय सुविधाओं के विस्तार से पुलिस बल का मनोबल बढ़ेगा तथा कर्मियों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में और अधिक सुविधा प्राप्त होगी। यह परियोजना पुलिस कल्याण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी लाइन अनुरुद्ध कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया।