रुपन्देही में अपराध के 132 मामले दर्ज, 175 सड़क हादसों में 8 की मौत

असोज में नशे के 10 मामलों में 17 गिरफ्तार, भंसार चोरी पर भी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मनोज कुमार त्रिपाठी 

भैरहवा, 21 अक्टूबर। नेपाल के रुपन्देही जिले में असोज महीने के दौरान अपराध, सड़क दुर्घटनाओं और नशे के मामलों ने पुलिस प्रशासन के सामने कई चुनौतियां खड़ी कीं। जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, इस अवधि में विभिन्न श्रेणियों के 132 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जबकि 175 सड़क दुर्घटनाओं में 8 लोगों की मौत हुई और 292 लोग घायल हुए।

संगठित और आर्थिक अपराध के सबसे ज्यादा मामले

पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, दर्ज मामलों में संगठित एवं आर्थिक अपराध के 49, जान से संबंधित 27, आमहत्या के 16, चोरी के 7, सामाजिक अपराध के 6, महिला एवं बालबालिकाओं से संबंधित अपराध के 11, सवारी-संबंधी 14 और अन्य 2 मामले शामिल हैं।

80 फरार प्रतिवादी गिरफ्तार

फैसला कार्यान्वयन अभियान के तहत पुलिस ने 80 फरार प्रतिवादियों को गिरफ्तार किया। इनके माध्यम से 1 करोड़ 9 लाख 6 हजार 371 रुपये जुर्माना तथा 6 वर्ष 7 महीने 8 दिन की कैद की सजा का कार्यान्वयन कराया गया। वहीं, लंबित मामलों में 113 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

घरेलू हिंसा के 95 मामले दर्ज

महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित घरेलू हिंसा के 95 मामले दर्ज हुए, जबकि पड़ोसियों के बीच विवाद से जुड़े 53 सीधे आवेदन मिले। इनमें घरेलू हिंसा के 73 और विवाद संबंधी 47 मामलों का आपसी समझौते से निपटारा किया गया।

 

 

नशे के 10 मामलों में 17 गिरफ्तार

असोज में मादक पदार्थों से संबंधित 10 मामले दर्ज किए गए और 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों के पास से विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ बरामद किए गए। इसकी जानकारी जिला पुलिस कार्यालय रुपन्देही के सूचना अधिकारी एवं डीएसपी कृष्ण कुमार चन्द ने दी।

175 सड़क दुर्घटनाएं, 8 की मौत

जिले में महीनेभर के दौरान 175 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इनमें 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 292 लोग घायल हुए। यातायात जांच के दौरान 3,219 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिससे 55 लाख 88 हजार 500 रुपये राजस्व प्राप्त हुआ।

भंसार चोरी पर कार्रवाई, 1.70 करोड़ रुपये राजस्व

अवैध रूप से सीमा शुल्क (भंसार) की चोरी रोकने के अभियान में पुलिस ने 1 करोड़ 70 लाख 32 हजार 45 रुपये राजस्व संकलन की जानकारी दी। इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 25 वाहनों को नियंत्रण में लिया गया।

इसके अलावा, असोज महीने में जिले में आपदा की 21 घटनाएं दर्ज की गईं। जिला पुलिस कार्यालय ने बताया कि बेहतर कार्यक्षमता और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 31 पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत भी किया गया।

जिले के इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, नशे के कारोबार पर रोक और सीमा शुल्क चोरी के खिलाफ पुलिस को एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई करनी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *