शिक्षक MLC चुनाव में सपा को मिली बड़ी ताकत 

गोरखपुर विवि के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. चितरंजन मिश्र ने किया डॉ. संजयन त्रिपाठी का किया समर्थन 

कहा- सपा सरकार में ही हुआ शिक्षकों का सम्मान 

शिक्षकों के हित में होगी डॉ. संजयन त्रिपाठी की जीत- प्रोफेसर चितरंजन मिश्र

मनोज कुमार त्रिपाठी 

गोरखपुर, 22 अक्टूबर! गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन 

क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी को शिक्षक जगत से बड़ा समर्थन मिला है। बुधवार को गोरखपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में गोरखपुर विश्वविद्यालय हिंदी विभाग के पूर्व अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष प्रोफेसर चितरंजन मिश्र ने डॉ. संजयन त्रिपाठी के समर्थन में खुलकर ऐलान किया।

प्रो. चितरंजन मिश्र ने क्या कहा?

प्रो. मिश्र ने कहा कि इस चुनाव में उच्च शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा से जुड़े सभी शिक्षक मतदाता बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लें। समाजवादी पार्टी की सरकार में ही शिक्षकों का सबसे ज्यादा लाभ हुआ है।

उन्होंने कहा कि 62 वर्ष की रिटायरमेंट आयु सपा सरकार की देन है। शिक्षकों के विनियमितीकरण, सेवा सुरक्षा और आयु बढ़ाने जैसे सभी ऐतिहासिक फैसले सपा सरकारों ने ही लिए। जबकि मौजूदा भाजपा सरकार के मुखिया योगी आदित्यनाथ शिक्षकों की सेवामुक्ति की बात करते हैं।

प्रो. मिश्र ने आरोप लगाया कि यह सरकार शिक्षकों को ग्रेच्युटी तक नहीं देना चाहती। इसको लेकर वह खुद एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मिले थे, लेकिन मुख्यमंत्री ने साफ मना कर दिया था।

भाजपा सरकार पर तीखा हमला 

प्रो. मिश्र ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और खासतौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियां शिक्षक हितों और शिक्षक स्वाभिमान को आहत करने वाली हैं। भाजपा सरकार में शिक्षा का स्तर लगातार गिर रहा है। शिक्षकों को सरकारी योजनाओं के प्रचार का साधन बनाया जा रहा है, उनकी सेवा शर्तों को कठिन और गरिमाहीन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में ही एक दर्जन से अधिक शिक्षक प्रबंधकों के उत्पीड़न के शिकार होकर नौकरी गंवा चुके हैं और हाईकोर्ट के आदेशों का भी सम्मान नहीं किया जा रहा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा संस्थानों की लोकतांत्रिक संरचना पर कुठाराघात किया है। स्वतंत्र विचार वाले शिक्षकों को हतोत्साहित किया जा रहा है।

सपा सरकार बनी तो पुरानी पेंशन बहाल होगी 

प्रो. मिश्र ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आश्वासन दिया है कि सपा सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी और सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हुए सभी शिक्षकों को, चाहे वह किसी भी स्तर के हों, ग्रेच्युटी प्रदान की जाएगी। संजयन त्रिपाठी की जीत शिक्षकों के हित में होगी।

डॉ. धीरेंद्र सिंह ने भी किया समर्थन 

वहीं गोरखपुर विश्वविद्यालय सम्बद्ध महाविद्यालय शिक्षक संघ के पूर्व महामंत्री डॉ. धीरेंद्र सिंह ने भी प्रेस वार्ता कर अपने शिक्षक मतदाताओं से डॉ.संजयन त्रिपाठी के पक्ष में मतदान की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *