हैदराबाद पुलिस और यूपी के रामपुर जिले की पुलिस की संयुक्त अंतर्राज्यीय कार्रवाई सफल

गाचीबौली के हिल रिज विला चोरी मामले में किया बड़ा खुलासा 

दोनों प्रदेशों की संयुक्त पुलिस ने एक बड़े ज्वैलरी चोरी के मामले में यूपी के रामपुर जिले से दो महिला समेत तीन नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 7 किलो सोना, 1.5 किलो चांदी और नकदी सहित लगभग 12 करोड़ रुपये के गहने और कीमती सामान सुरक्षित बरामद

नेपाल भागने के फिराक में थे तीनों आरोपी 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

रामपुर! हैदराबाद के गाचीबौली स्थित हिल रिज विला में करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने के मामले में साइबराबाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से दो महिला समेत तीन नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लॉकर के पास रखी चाबी का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया।

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में करोड़ों रुपये के आभूषण चोरी के एक हाई-प्रोफाइल मामले का खुलासा करते हुए साइबराबाद पुलिस उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से दो महिला समेत तीन नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर गाचीबौली स्थित एक लग्जरी विला से सोने और चांदी के कीमती आभूषण चोरी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल शाही, उसकी पत्नी विमल शाही और एक अन्य महिला कल्पना के रूप में हुई है। तीनों को स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद ट्रांजिट वारंट पर हैदराबाद लाया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चोरी की घटना का पता 7 जून को चला जब एक बुजुर्ग दंपति घर लौटे और उन्होंने देखा कि घर में स्थापित एक छोटी मूर्ति पर चढ़ी सोने की चेन गायब है।

मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई, लेकिन 8 जून को जब दंपति के बेटे ने घर का लॉकर खोला तो पता चला कि करीब 1.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण भी गायब हैं। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यापक जांच अभियान शुरू किया। मामले की जांच के लिए साइबराबाद पुलिस आयुक्तालय ने विशेष अभियान शुरू किया।

अधिकारियों ने स्पेशल ऑपरेशन टीम (SOT) को सक्रिय किया। क्राइम टीमों को जांच में लगाया,स्थानीय पुलिस को 

अलर्ट किया और उत्तर प्रदेश सहित बिहार और उत्तराखंड में छह विशेष टीमें भेजीं।

इसके अलावा संदिग्धों की तस्वीरें और विवरण विभिन्न राज्यों की पुलिस इकाइयों के साथ साझा किए गए।पुलिस ने इस मामले में नेपाली आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर नजर रखने वाली विशेष टीम को भी जांच में शामिल किया।

लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के बाद 9 जून को पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली।

गाचीबौली के डिटेक्टिव इंस्पेक्टर नरेश और उनकी टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने लॉकर के पास रखी चाबी का उपयोग कर अंदर रखे कीमती आभूषणों तक पहुंच बनाई।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि चोरी गए आभूषणों का कितना हिस्सा बरामद हुआ है और क्या इस गिरोह का संबंध अन्य राज्यों में हुई इसी तरह की घटनाओं से भी है।

पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और खुलासे हो सकते है।

हैदराबाद के हाई-प्रोफाइल चोरी मामले में साइबराबाद पुलिस की त्वरित और समन्वित कार्रवाई से बड़ी सफलता मिली है। कई राज्यों में चलाए गए अभियान के बाद तीन आरोपियों की गिरफ्तारी से मामले की गुत्थी सुलझने लगी है। अब जांच एजेंसियां चोरी गए आभूषणों की बरामदगी और आरोपियों के संभावित नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।

रामपुर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने बताया कि यह एक संयुक्त ऑपरेशन था, जिसमें तेलंगाना पुलिस और रामपुर पुलिस ने मिलकर काम किया। उनके अनुसार, गाची बाउली में दर्ज केस के आधार पर लगातार इनपुट शेयर किए जा रहे थे। चेकिंग के दौरान ही यह सफलता मिली और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि अभी इनके अन्य साथियों की भी जांच की जा रही है और नेपाल पुलिस से भी संपर्क किया जाएगा, ताकि इनके आपराधिक इतिहास की पूरी जानकारी सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *