नशे, आत्महत्या और सड़क हादसों के खिलाफ लुम्बिनी में बजेगा जनजागरण का बिगुल, भारत-नेपाल के नागरिक होंगे एक मंच पर

मनोज कुमार त्रिपाठी 

लुम्बिनी (नेपाल)। समाज में बढ़ती नशाखोरी, आत्महत्या की घटनाओं और सड़क दुर्घटनाओं के खिलाफ जनजागरण का संदेश देने के लिए नेपाल पुलिस द्वारा लुम्बिनी में एक भव्य शांति पदयात्रा एवं जनचेतनामूलक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 1 असार 2083 (15 जून 2026) को सुबह 6:30 बजे लुम्बिनी विकास कोष परिसर स्थित विश्व शांति दीप के सामने से शुरू होगा।

इस विशेष अभियान में नेपाल के साथ-साथ भारत के पत्रकार, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को नशे के दुष्प्रभाव, आत्महत्या की रोकथाम और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

इलाका प्रहरी कार्यालय, लुम्बिनी के प्रहरी निरीक्षक होमनाथ रेग्मी ने बताया कि लागू औषध दुव्र्यसन, आत्महत्या और सड़क दुर्घटनाएं आज समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी हैं। इन समस्याओं से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास और जनसहभागिता बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि लुम्बिनी विश्व शांति का प्रतीक है और यहां से निकलने वाली यह शांति पदयात्रा समाज को सकारात्मक सोच, नशामुक्त जीवन और सुरक्षित यातायात का संदेश देगी। कार्यक्रम में दोनों देशों के नागरिकों की भागीदारी भारत-नेपाल मैत्री और सामाजिक सहयोग का भी एक मजबूत उदाहरण बनेगी।

नेपाल पुलिस ने सभी नागरिकों, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं से इस जनहितकारी अभियान में शामिल होकर जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *