40 मीटर नीचे खिसका भवन, खतरे में विश्व हिंदू महासंघ का कार्यालय; सीडीओ ने दिए तत्काल बचाव के निर्देश

मनोज कुमार त्रिपाठी 

काठमांडू। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच जमीन धंसने और भूस्खलन ने विश्व हिंदू महासंघ अंतर्राष्ट्रीय समिति के केंद्रीय कार्यालय की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। बांसबारी स्थित महासंघ कार्यालय के पास एक गेस्ट हाउस संचालित भवन का करीब आधा हिस्सा जमीन धंसने से लगभग 40 मीटर नीचे खिसक गया, जिसके बाद महासंघ का भवन और आसपास की संरचनाएं भी गंभीर खतरे की जद में आ गई हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए काठमांडू के प्रमुख जिला अधिकारी ईश्वरराज पौडेल शनिवार को मौके पर पहुंचे और पहिरो प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जमीन की स्थिति, संभावित भूस्खलन के खतरे और जोखिम में आए भवनों का जायजा लेते हुए संबंधित निकायों को तत्काल सुरक्षा, उद्धार और आवश्यक तकनीकी उपाय शुरू करने के निर्देश दिए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश इसी तरह जारी रही तो दोबारा भूस्खलन हो सकता है, जिससे आसपास के भवनों और लोगों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। ऐसे में संभावित जनहानि और बड़े नुकसान को रोकने के लिए तत्काल तकनीकी मूल्यांकन और सुरक्षा व्यवस्था जरूरी हो गई है।

विश्व हिंदू महासंघ की अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष अस्मिता भंडारी ने सीडीओ पौडेल द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने और आवश्यक पहल शुरू करने पर उनका आभार जताया। उन्होंने नेपाल सरकार से अपील की कि दुर्घटना होने का इंतजार किए बिना जोखिम में आए महासंघ भवन और आसपास के लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी तकनीकी एवं सुरक्षा उपाय किए जाएं।

महासंघ ने कहा कि लगातार बारिश के बीच स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है और भवन तथा आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा के लिए संबंधित सरकारी निकायों से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *