समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने सुनी फरियादियों की पीड़ा, त्वरित निस्तारण के दिए कड़े निर्देश

भूमि विवाद, महिला उत्पीड़न, मारपीट व साइबर अपराध के मामलों में संवेदनशीलता व समयबद्ध कार्रवाई पर जोर

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज!

जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को सदर तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी महराजगंज संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ सुना। 

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिनमें पुलिस एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की संख्या अधिक रही। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्राप्त सभी पुलिस संबंधी शिकायतों का स्वयं अवलोकन किया तथा संबंधित थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 

उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, मारपीट, महिला उत्पीड़न और साइबर अपराध से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं से सतत संवाद बनाए रखें और प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि पुलिस प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो सके। 

इस दौरान कई मामलों में संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे फरियादियों के चेहरे पर संतोष और भरोसे की झलक दिखाई दी। अधिकारियों की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली ने आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास को और सुदृढ़ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *