“धमकी और दबाव के बीच राहत—SO ने दिया सुरक्षा और कार्रवाई का भरोसा”
द इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़ ब्यूरो
गोरखपुर महराजगंज ! क्षेत्र के निवासी जीतेंद्र कुमार गुप्ता ने एक गंभीर मामला सामने लाते हुए आरोप लगाया है कि उनकी जमीन का फर्जी तरीके से कई बार बैनामा (रजिस्ट्री) कर दिया गया है। पीड़ित का कहना है कि पिछले एक साल से वह लगातार पुलिस चौकी, थाना, सीओ ऑफिस और उच्च अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पूरी खबर यहां देखें 👇 👇 👇 👇
https://www.facebook.com/share/v/183mKDZgfs/
पीड़ित के अनुसार, संबंधित भू-माफिया द्वारा एक ही जमीन को दो से तीन बार अलग-अलग लोगों के नाम रजिस्ट्री कर दी गई है। इतना ही नहीं, थाने में जमा की गई पूरी केस फाइल भी संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई, जिससे साजिश की आशंका और गहरा गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी इस तरह के फर्जीवाड़े में शामिल रहा है और उसके परिवार के खिलाफ भी पहले मामले दर्ज हो चुके हैं। इसके बावजूद, पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच नहीं की जा रही है।
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने थाना, सीओ, एसपी, एसएसपी और यहां तक कि मुख्यमंत्री पोर्टल व अन्य ऑनलाइन माध्यमों पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन हर बार फर्जी रिपोर्ट लगाकर मामले को टाल दिया गया।
मामले में एक और गंभीर पहलू तब सामने आया जब पीड़ित ने बताया कि उन्हें आरोपी पक्ष द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही हैं और जमीन के बदले कम कीमत पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है।
हालांकि, थाना प्रभारी ने फोन पर पीड़ित को आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने पीड़ित को सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक ठोस कदम उठाता है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं।