एक नेपाली समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
पुलिस की गोली से एक तस्कर घायल
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
भैरहवा! भारतीय सीमा से सटे नेपाल के रुपन्देही जिले के भैरहवा क्षेत्र में सोमवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस कार्रवाई के दौरान गोलियों की आवाज गूंज उठी। मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहिणी गांवपालिका-4 कोटिहवा क्षेत्र में नशे की खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना के आधार पर लागु औषध नियंत्रण ब्यूरो भैरहवा और जिला प्रहरी कार्यालय रुपन्देही की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (यूपी 56 एफ 9901) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उस पर सवार तीनों युवक भागने लगे और कुछ दूर जाकर गिर पड़े।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पथराव कर दिया, जिससे एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को पहले एक राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी, इसके बाद दो राउंड सीधे गोली चलाकर आरोपियों को काबू में लिया गया।
इस दौरान विशाल नामक युवक के पैर में गोली लगी, जिसे तत्काल भीम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों में रुपन्देही निवासी विशाल के साथ भारत के महाराजगंज जिले के दो युवक शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए हैं, जिनमें फेनरागन, डाइजेपाम और ब्रुफिन के करीब 1100-1100 एम्पुल शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामदगी से साफ है कि यह एक संगठित अंतर्राष्ट्रीय तस्करी गिरोह का हिस्सा हो सकता है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर सीमा क्षेत्र में बढ़ रही तस्करी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है।