नेपाल टेलीकॉम कंपनी का बड़ा फैसला 

अब 28 नहीं, पूरे 30 दिन चलेंगे प्रीपेड पैक- मंत्री बिक्रम तिमिल्सिना

मनोज कुमार त्रिपाठी 

काठमांडू ! नेपाल टेलीकॉम (NTC) के ग्राहकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। संचार तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री बिक्रम तिमिल्सिना के कड़े निर्देश और सक्रियता के बाद, NTC ने अपने प्रीपेड सर्विस पैकेज की वैलिडिटी बढ़ाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। अब ग्राहकों को 28 दिनों के ‘महीने’ से छुटकारा मिलेगा और उन्हें पूरे 30 दिनों की वैधता मिलेगी।

नेपाल टेलीकॉम के अनुसार, यह नई व्यवस्था मंगलवार रात से ही प्रभावी हो गई है। सबसे पहले लोकप्रिय ‘कॉम्बो-299 पैक’ की वैलिडिटी को 28 दिन से बढ़ाकर 30 दिन किया गया है।

नेपाल टेलीकॉम की एक्टिंग मैनेजिंग डायरेक्टर रीना डंगोल ने इस बदलाव की पुष्टि करते हुए बताया कि हमने मंत्री जी के साथ हुए परामर्श के तुरंत बाद इसे लागू करना शुरू कर दिया है। वर्तमान में उपलब्ध सभी प्रीपेड पैकेजों को आगामी 11 बैसाख तक चरणबद्ध तरीके से 30 दिनों की वैधता में बदल दिया जाएगा।

इस बदलाव से न केवल ग्राहकों की जेब पर बोझ कम होगा, बल्कि उनके मोबाइल अनुभव में भी सुधार आएगा।

ग्राहकों को पुरानी कीमत पर ही अब 2 दिन की अतिरिक्त सर्विस (डेटा, वॉयस और SMS) मिलेगी।

महीने में बार-बार रिचार्ज करने की उलझन दूर होगी। अब महीने में सिर्फ एक बार रिचार्ज करना पर्याप्त होगा।

30 दिन की फिक्स्ड वैलिडिटी से आम यूजर्स को अपना खर्च मैनेज करने में आसानी होगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि NTC का यह कदम ‘कस्टमर-फ्रेंडली’ सुधार की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर है। इससे टेलीकॉम सेक्टर में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जिसका सीधा लाभ नेपाली उपभोक्ताओं को मिलेगा। 

मंत्री तिमिल्सिना के इस हस्तक्षेप को सरकारी सेवाओं को जनता के प्रति अधिक उत्तरदायी बनाने के रूप में देखा जा रहा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *