सोनौली में गैस एजेंसी जांच से व्यापार और जनजीवन प्रभावित, राहत व्यवस्था की मांग तेज

भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने एसडीएम नौतनवां को सौंपा ज्ञापन

मनोज कुमार त्रिपाठी

सोनौली महराजगंज! सोनौली क्षेत्र में गैस एजेंसी से संबंधित चल रही जांच के चलते स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि ब्लू लाइन (Border Line) से जुड़े मामलों में पेंडेंसी की जांच लगातार जारी है, वहीं कई मामलों में भारी जुर्माना भी लगाया गया है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया पिछले कई दिनों से लगातार चल रही है, जिससे उनका कारोबार लगभग ठप हो गया है। एक व्यापारी के अनुसार उनकी दुकान पर जांच शुरू हुए सात दिन हो चुके हैं, जिसके कारण बिक्री प्रभावित हुई है और बाजार की गतिविधियां भी धीमी पड़ गई हैं। जांच के चलते आसपास की दुकानों पर भी असर पड़ रहा है, क्योंकि ग्राहक अन्य स्थानों की ओर रुख कर रहे हैं।

व्यापारियों और आम नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जांच पूरी होने तक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से गैस वितरण से जुड़ा कोटा या सेवाएं अस्थायी रूप से सोनौली, अड्डा या किसी अन्य नजदीकी केंद्र पर शिफ्ट की जाएं, ताकि जनता को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में कठिनाई न हो और व्यवस्था बनी रहे।

लोगों का कहना है कि यदि लंबे समय तक “होल्ड” की स्थिति बनी रही, तो इससे क्षेत्र में अव्यवस्था और जन असंतोष बढ़ सकता है। ऐसे में प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए त्वरित समाधान निकालना चाहिए।

इस मामले को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र जयसवाल ने व्यापारियों और नागरिकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम नौतनवां नवीन कुमार को ज्ञापन सौंपा है। 

उन्होंने मांग की है कि जांच प्रक्रिया जारी रहे, लेकिन आम जनता और व्यापारियों को राहत देने के लिए तुरंत वैकल्पिक वितरण व्यवस्था लागू की जाए। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द ठोस निर्णय लेकर राहत प्रदान करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *