महराजगंज ब्रेकिंग: कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में दर्दनाक हादसा, छात्रा की मौत

हैंडपंप पर पानी भरते समय विषैले जीव के काटने से गई जान

दिलीप त्रिपाठी 

महराजगंज जनपद के फरेंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत खजुरिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। विद्यालय परिसर में हैंडपंप से पानी भरने के दौरान एक बालिका को विषैले जीव ने काट लिया, जिससे उसकी हालत कुछ ही देर में गंभीर हो गई।

बताया जा रहा है कि बालिका के पैर की उंगली में काटने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। छात्रा को चक्कर आने, गला सूखने और बेचैनी की शिकायत होने लगी। इसके बाद विद्यालय प्रशासन द्वारा आनन-फानन में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने बालिका को मृत घोषित कर दिया, जिससे पूरे विद्यालय परिसर में मातम पसर गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने विद्यालय प्रशासन से घटना की पूरी जानकारी लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। वहीं छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विद्यालय में शोक का माहौल है और पूरे क्षेत्र में गहरी संवेदना की लहर दौड़ गई है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *